Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता सनी देओल ने सोमवार को घोषणा की कि उनकी फिल्म ‘सूर्या’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अभिनेता ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का मोशन पोस्टर साझा करते हुए यह जानकारी दी। पोस्टर में वह सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं।

एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण एमएम मूवीज के बैनर तले कमल मुकुट, दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने किया है।

निर्माता कमल ने कहा कि फिल्म ‘सूर्या’ एक आम आदमी की कहानी है, जो निश्चित रूप से हर किसी को प्रभावित करेगी।

उन्होंने एक बयान में कहा, 'मैंने सनी देओल को दो फिल्मों- ‘गदर 2’ और ‘सूर्या’ के लिए साइन किया था। हमने ‘गदर 2’ से शुरुआत की और वह इतिहास बन गई।'

उन्होंने कहा, 'मैंने ‘सूर्या’ बनाई है। यह एक आम आदमी की कहानी है, जो निश्चित रूप से हर किसी को छुएगी। फिल्म में सनी देओल के ऐसे रूप को दिखाया गया है, जिसे पहले नहीं देखा गया। उनकी जिंदगी के सफर के तीन चरणों को दिलचस्प ढंग से कहानी में पिरोया गया है। यह रोमांचक थ्रिलर दर्शकों को दो अलग-अलग दौर में ले जाएगी।'

फिल्म में रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल सहित अन्य कलाकार भी हैं।

सनी देओल नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण: पार्ट एक’ में भी रणबीर कपूर के साथ नजर आएंगे। इस फिल्म में वह भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है।

भाषा वैभव

वैभव