Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

मद्रास उच्च न्यायालय ने छह अन्नाद्रमुक विधायकों के इस्तीफे स्वीकार करने के फैसले को बरकरार रखा

चेन्नई, 13 अक्टूबर (भाषा) मद्रास उच्च न्यायालय ने मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें अन्नाद्रमुक के छह विधायकों के इस्तीफे स्वीकार किए गए थे।

ये विधायक बाद में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) में शामिल हो गए थे।

मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की प्रथम पीठ ने अन्नाद्रमुक के सचेतक अग्री एसएस कृष्णमूर्ति की ओर से दायर याचिका पर यह व्यवस्था दी। याचिका में विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को चुनौती दी गई थी। पीठ ने प्रभाकर के फैसले को बरकरार रखा।

पेरुंदुरई, मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित क्रमश: एस. जयकुमार, मरगथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा ने 25 मई, 2026 को विधानसभा सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया था।

अंबासमुद्रम विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित एसाक्की सुब्बाया ने अगले दिन इस्तीफा दे दिया। वहीं, सी. विजयभास्कर (विरालिमलाई) और एम. आर. विजयभास्कर (करूर) ने क्रमशः 16 और 29 जून को विधायक पद से इस्तीफा दिया था।

इन सभी विधायकों ने अप्रैल में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक के टिकट पर जीत हासिल की थी। बाद में वे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गए।

मरगथम कुमारवेल और सत्यबामा ने छह अक्टूबर को क्रमश: मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव में टीवीके के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा