Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

झारखंड में व्यक्ति ने दो बहनों की हत्या की

जमशेदपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी दो बहनों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस को संदेह है कि इस घटना का अंधविश्वास से जुड़ा कोई पहलू हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार तड़के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के बाबिडा गांव में हुई।

मृतक महिलाओं की पहचान दुलारी सोरेन (52) और लक्ष्मी मुंडी (50) के रूप में हुई है। दोनों शादीशुदा थीं और अपने छोटे भाई स्वरूप टुडू के साथ रहती थीं। वे अपने भाई के इलाज के लिए उसके साथ रह रही थीं, क्योंकि वह पिछले कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था।

पुलिस के अनुसार, टुडू ने रविवार रात एक ओझा को अनुष्ठान करने के लिए बुलाया था। यह अनुष्ठान देर रात तक चला।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि अनुष्ठान के बाद दोनों बहनें सोने चली गईं। सोमवार तड़के जब वे सो रही थीं, तभी टुडू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी हत्या के बाद भागा नहीं और उसने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए टुडू से पूछताछ की जा रही है।

धालभूमगढ़ थाने के प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने कहा कि आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था।

यह पूछे जाने पर कि क्या हत्याओं का संबंध जादू-टोने से है, मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण की पुष्टि की जा सकेगी।

भाषा वैभव

वैभव