Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

अभिनेता मोहनलाल ने अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की सराहना की

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता मोहनलाल ने अजय देवगन अभिनीत फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की सराहना की और फिल्म की सफलता के लिए इसके कलाकारों और निर्माण टीम को बधाई दी।

इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और यह ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी व आखिरी फिल्म है। यह फिल्म दो अक्टूबर को रिलीज हुई थी और दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है।

निर्माण कंपनी ने सोमवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मोहनलाल का एक वीडियो साझा किया, जिसमें अभिनेता फिल्म की सराहना करते नजर आए।

उन्होंने वीडियो में कहा, “मैंने यह फिल्म देखी है और मैं इस बात से प्रभावित हूं कि उन्होंने इस बेहद पसंद की जाने वाली कहानी का समापन किस तरह किया है। अभिषेक पाठक, अजय देवगन और कलाकारों एवं निर्माण टीम को बधाई... बहुत शानदार काम किया है।”

वीडियो के साथ दिए गए संदेश में निर्माण टीम की ओर से लिखा गया था, “आपकी सराहना के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, मोहनलाल सर।”

इस फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में नजर आए हैं। देवगन के अलावा, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी इस फिल्म में अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौटे हैं। वहीं, जयदीप अहलावत इस फ्रेंचाइजी से राजवीर सिंह तोमर के रूप में जुड़े हैं, जो मामले की जांच कर रहे अपराध शाखा के अधिकारी हैं।

भाषा

तान्या वैभव

वैभव