Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

विमान में मारपीट के मामले में सेल्मा ब्लेयर गिरफ्तार, पुलिसकर्मी और नर्स से भी मारपीट का आरोप

न्यूयॉर्क, 13 अक्टूबर (एपी) हॉलीवुड अभिनेत्री सेल्मा ब्लेयर को लॉस एंजिलिस से न्यूयॉर्क जा रही उड़ान के दौरान दो विमान परिचारिकाओं पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन पर अस्पताल ले जाते समय एक महिला पुलिस अधिकारी और अस्पताल में एक नर्स के साथ भी मारपीट करने का आरोप है।

पुलिसकर्मी और नर्स से मारपीट के दो मामलों में ब्लेयर ने खुद को निर्दोष बताया। वहीं, विमान के भीतर हुई घटना को लेकर उन पर अलग से आरोप लगाए गए हैं, जिस पर अभिनेत्री के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह पूरी घटना एक गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण हुई।

‘पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यूजर्सी’ की ओर से जारी बयान के अनुसार, जॉन एफ. केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डेल्टा एयरलाइंस का विमान उतरने के बाद रविवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने ब्लेयर को हिरासत में ले लिया।

बयान में बताया गया कि ब्लेयर और घायल विमान परिचारिकाओं में से एक को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जांच संबंधी दस्तावेजों के अनुसार, ब्लेयर को जमैका अस्पताल ले जा रही एक महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह अभिनेत्री को स्ट्रेचर पर सुरक्षित तरीके से बांध रही थीं, तब ब्लेयर ने उनके चेहरे, गर्दन तथा छाती पर कई बार लात मारी जिससे उन्हें काफी पीड़ा हुई।

इसके बाद, ब्लेयर को दूसरी जगह ले जा रही एक नर्स ने भी आरोप लगाया कि अभिनेत्री ने उनकी छाती पर लात मारी, जिससे उन्हें चोट आई।

सोमवार देर शाम क्वींस की एक अदालत में ब्लेयर पर हमले के दो मामलों में आरोप तय किए गए, जहां अभिनेत्री के वकील ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए उन्हें निर्दोष बताया। जींस और हुड वाली सफेद रंग की स्वेटशर्ट पहने अदालत में खड़ी ब्लेयर इस दौरान भावुक नजर आईं और उनके हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी।

'न्यूयॉर्क डेली न्यूज' और 'न्यूयॉर्क पोस्ट' की खबर के मुताबिक, उनके वकील शॉन बार्न्स ने न्यायाधीश को बताया कि ब्लेयर ने ऐसा जानबूझ कर नहीं किया। वकील ने स्पष्ट किया कि ‘मल्टीपल स्केलेरोसिस’ बीमारी से पीड़ित अभिनेत्री कुछ खुराक नहीं ले पाई थीं।

न्यायाधीश ने ब्लेयर को 20,000 अमेरिकी डॉलर नकद या 60,000 अमेरिकी डॉलर के मुचलके पर जमानत दे दी। मामले की अगली सुनवाई जनवरी में निर्धारित की गई है।

विमानन कंपनी, पुलिस और मामले की जांच कर रहे संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने विमान के भीतर हुई घटना का विवरण साझा नहीं किया है।

यह पहली बार नहीं है, जब ब्लेयर के साथ विमान में असहज स्थिति पैदा हुई है। इससे पहले, 2016 में कानकुन से लॉस एंजिलिस जा रही उड़ान के दौरान दिए गए अपने बयानों के लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उस समय उन्होंने स्पष्ट किया था कि शराब के साथ दवा का सेवन करने के कारण वह अपना होश खो बैठी थीं।

ब्लेयर ने 1999 में आई ‘क्रूएल इंटेंशंस’, 2001 की ‘लीगली ब्लॉन्ड’ और 2004 की ‘हेलबॉय’ जैसी फिल्मों में प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।

एपी

खारी गोला

गोला