Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

मेरठ में चेन झपटमारी का वांछित आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

मेरठ, 13 अक्टूबर (भाषा) मेरठ में एक महिला से सोने की चेन झपटने के मामले में वांछित एक आरोपी मंगलवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस का खोखा और 3,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।

सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी (सिविल लाइन( दीक्षा भौरिया ने मंगलवार सुबह मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सावेज (22) के रूप में हुई है। वह मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी का निवासी है और फिलहाल गाजियाबाद के लोनी स्थित न्यू मुस्तफाबाद में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर की शाम गीता कॉलोनी मोड़ पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने चांदनी श्रीवास्तव नामक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी जिसका वजन करीब 35 ग्राम था। झपटमारी के दौरान चेन का आधा हिस्सा महिला के पास रह गया, जबकि बाकी हिस्सा बदमाश लेकर फरार हो गए। रास्ता अवरुद्ध होने पर बदमाश मोटरसाइकिल नाले के पास छोड़कर भाग गए थे।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात सावेज के नौचंदी मैदान में छिपे होने की सूचना पर स्वाट टीम नगर और नौचंदी पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस दल पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा सं जफर वैभव

वैभव