Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

नोएडा में ‘खतरनाक नस्ल’ के कुत्ते के हमले में पालतू पग की मौत के बाद दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 13 अक्टूबर (भाषा) नोएडा की एक सोसाइटी में कथित तौर पर ‘‘खतरनाक नस्ल’’ के एक कुत्ते के हमले में अन्य पालतू कुत्ते की मौत की घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना 11 अक्टूबर को फेज-दो थाना क्षेत्र में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में हुई थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, नमिता सिंह पग नस्ल के अपने पालतू कुत्ते को सोसाइटी परिसर में घुमा रही थीं, तभी कथित तौर पर ‘‘खतरनाक नस्ल’’ के एक अन्य कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में वहां मौजूद लोग ‘पग’ को हमलावर कुत्ते के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि घायल ‘पग’ को पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ‘‘खतरनाक नस्ल’’ का कुत्ता होने के बावजूद उसकी मालकिन खुशी त्यागी ने उसे मुंह पर सुरक्षा-जाली लगाए बिना बाहर घूमने के लिए छोड़ दिया था। यह भी आरोप है कि कुत्ते को ऐसे व्यक्ति के साथ घुमाने भेजा गया जो प्रमाणित ‘डॉग वॉकर’ या प्रशिक्षक नहीं था।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 (पशुओं के प्रति लापरवाहीपूर्ण आचरण) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के साथ-साथ पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की संबंधित धारा के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

भाषा सं खारी

खारी