Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

पाकिस्तान में ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण पांच लोगों की मौत, 30 अन्य घायल

लाहौर, 13 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर उस समय हुआ जब ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी।

‘रहमान बाबा एक्सप्रेस’ मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गई।

‘जियो न्यूज’ ने पुलिस और राहतकर्मियों के हवाले से खबर में बताया कि घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दुर्घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है।

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 लोग घायल हुए हैं।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि 13 बोगियों को खाली करा लिया गया है, जबकि एक बोगी में बचावकार्य जारी है।

एक यात्री ने संवाददाताओं से कहा कि दुर्घटना से पहले रोहरी के पास कर्मचारियों ने बोगी नंबर-नौ के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी।

‘जियो न्यूज’ की खबर के अनुसार इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि इस मरम्मत का ट्रेन के पटरी से उतरने से कोई संबंध था या नहीं।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

भाषा खारी गोला

गोला