अहमदाबाद, 13 अक्टूबर (भाषा) गुजरात में गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) और थारा तथा ओखा नगरपालिकाओं के चुनावों के लिए मंगलवार सुबह मतगणना शुरू हुई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले पांच वर्षों से गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) में सत्ता में है। इस बार गांधीनगर में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुख्य मुकाबला है।
तीनों स्थानीय निकायों के लिए रविवार को मतदान हुआ था।
मंगलवार सुबह नौ बजे मतगणना शुरू हुई।
गांधीनगर नगर निगम के चुनाव 11 वार्डों की सभी 44 सीटों पर हुए, जिनमें 130 उम्मीदवार मैदान में थे। इस नगर निकाय में करीब 2.59 लाख मतदाता हैं।
गांधीनगर नगर निगम के चुनाव पिछली बार अक्टूबर 2021 में हुए थे। उस समय भाजपा ने 44 में से 41 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को दो और आम आदमी पार्टी को एक सीट मिली थी।
देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में नौ वार्डों की 32 सीटों के लिए मतगणना जारी है, जबकि चार सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। बाकी सीटों के लिए कुल 75 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था।
बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में छह वार्डों की 24 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। यहां कुल 59 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गांधीनगर में 59.25 प्रतिशत, थारा में 81.18 प्रतिशत और ओखा में 63.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त आयुक्त एन. के. डामोर ने मतदान के बाद कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
गुजरात की खेरालु, छोटा उदेपुर और बायड नगरपालिकाओं में भी एक-एक सीट पर उपचुनाव हुए। इसके अलावा, राज्य की विभिन्न जिला और तालुका पंचायतों की सीटों पर भी उपचुनाव कराए गए। इन सभी सीटों के लिए भी मतगणना जारी है।
ये चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के जरिए कराए गए।
भाषा तान्या गोला
गोला