नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के उच्चतम न्यायालय तक मार्च के सिलसिले में दिल्ली के बाराखंभा रोड और तिलक मार्ग थानों में दो प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, उच्चतम न्यायालय तक मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी और सोमवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी नेता कथित रूप से एक मिनी-ट्रक की मदद से पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए देखे गए।
'लोकतंत्र बचाओ मार्च' में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी सहित विपक्षी 'इंडिया’ गठबंधन के कई नेता शामिल हुए और उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर लोगों के नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए कुमार के इस्तीफे की मांग की।
भाषा नोमान वैभव
वैभव