Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

चेन्नई में मोटर की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से दो लोगों की मौत

चेन्नई, 13 अक्टूबर (भाषा) चेन्नई के कोडुंगैयूर में 20 फुट गहरे वर्षा जल निकासी संप के अंदर बिजली की मोटर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दम घुटने के कारण दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रानीपेट के असलम बाशा (38) और चेन्नई के पश्चिम तांबरम के नवीन कुमार (34) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संप में लगी बिजली की मोटर खराब हो गई थी, जिसके बाद बृहद चेन्नई नगर निगम के अधिकारियों ने संबंधित मोटर कंपनी के सेवा केंद्र को इसकी जानकारी दी। इसके बाद खराब मोटर को निकालने के लिए सोमवार को एक मजदूर टैंक के अंदर उतरा।

जहरीली गैस की चपेट में आने से मजदूर को तुरंत सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। यह देखकर उसे बचाने के लिए एक अन्य मजदूर भी संप के अंदर उतर गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया।

यह देखकर तीसरे मजदूर ने शोर मचाकर मदद मांगी। उसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दमकल एवं बचाव सेवा विभाग तथा पुलिस को सूचना दी।

दमकलकर्मियों ने दोनों मजदूरों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी स्टेनली अस्पताल भेज दिया।

कोडुंगैयूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव