गिरिडीह, 13 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर गिरिडीह-रांची मार्ग पर बड्डीहा गांव में हुआ। दोनों युवक पास के एक गांव में अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान सूरज तुरी और तुलसी दास के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच थी।
मुफस्सिल थाने के प्रभारी ज्ञान रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह के सदर अस्पताल ले जाया गया है। हम टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।’’
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने वाहन का पता लगाने और उसके चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर गिरिडीह-रांची मार्ग को चार घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध रखा।
रंजन ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद लोग रास्ते से हटे।
सूरज के पिता ने बताया कि हादसे में दोनों युवकों के हाथ कटकर अलग हो गए थे।
भाषा गोला वैभव
वैभव