Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल ने ईरान के अपने समकक्ष मोहसिन रेजाई से फोन पर की बातचीत

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई ने सोमवार को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से फोन पर बातचीत की और इस दौरान पश्चिम एशिया में मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर चर्चा हुई।

ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि रेजाई और डोभाल ने ‘‘क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों तथा दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

ऐसी जानकारी है कि बातचीत में सऊदी अरब पर हाल में हुए हमलों पर भी चर्चा की गयी, जिनमें उसके हवाई अड्डों को निशाना बनाया जाना भी शामिल है।

भारत ने रविवार को रियाद में सऊदी अरब के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए बड़े हमले की कड़ी निंदा की थी। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक लोग घायल हो गए। मरने वालों में एक भारतीय भी शामिल था।

डोभाल और रेजाई के बीच हुई बातचीत को लेकर भारतीय पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

भारत लगातार पश्चिम एशिया संकट का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से निकालने की अपील करता रहा है।

नयी दिल्ली ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे लगातार हमलों को लेकर भी चिंतित है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, रविवार को 11 भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एमटी पेट्रो डॉल्फिन नामक वाणिज्यिक जहाज पर होर्मुज जलडमरूमध्य में हमला हुआ। जहाज पर सवार 11 भारतीय नाविकों में से दो के लापता होने की खबर है।

एक अन्य जहाज एमटी वाल्थेरा पर भी किसी अज्ञात प्रक्षेपास्त्र से हमला हुआ, जिसके कारण जहाज में आग लग गई। इस जहाज पर सवार चालक दल के सदस्य में 11 भारतीय थे।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘एमटी वाल्थेरा पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए हैं।’’

जानकारी है कि दोनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच हुई बातचीत में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों का मुद्दा भी उठा।

भाषा गोला खारी

खारी