नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के एक नाइट क्लब में महिला पर बीयर गिरने को लेकर हुए विवाद के दौरान बाउंसर की पिटाई से 29 वर्षीय कैब चालक की मौत हो गयी। पुलिस के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक नाइट क्लब में हुई।
सूत्र ने बताया कि मृतक की पहचान रघुवीर नगर निवासी दलजीत के रूप में हुई है। उसके परिवार में पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं।
सूत्र के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ नाइट क्लब गया था। वहां उसके एक दोस्त से एक महिला पर बीयर गिर गई। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद क्लब के बाउंसर ने कथित तौर पर दलजीत से मारपीट की।
सूत्र के अनुसार, दलजीत और उसके दोस्तों ने माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद उनसे मारपीट की गयी। क्लब के वेटर भी दलजीत और उसके दोस्तों पर डंडों और कांच की बोतलों से हमला करने लगे
जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, तो हमलावर उन्हें खींचकर वापस अंदर ले आए और फिर से मारपीट की गई। इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं।
सूत्र ने बताया, ‘‘उसके दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित उसके घर ले गए, जहां वह घर के दरवाजे के पास ही गिर पड़ा। इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
पुलिस ने नाइट क्लब का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर जब्त कर लिया है और फुटेज खंगाली जा रही है।
भाषा गोला खारी
खारी