(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय वायुसेना (आईएएफ) प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने सोमवार को स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में आखिरी बार उड़ान भरी। वह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे।
भारतीय वायुसेना ने देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर ‘तरंग शक्ति’ अभ्यास के दौरान भरी गई यह उड़ान ऐसे लड़ाकू पायलट की भावना को दर्शाती है, जिसने हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व करने में विश्वास किया है।
वायुसेना ने सिंह की उड़ान का एक वीडियो और अभ्यास के दौरान मित्र देशों के विमानों तथा सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के साथ उड़ान भरते हुए उनकी तस्वीरें भी साझा कीं।
वायुसेना ने पोस्ट में कहा, “एक आखिरी लड़ाकू उड़ान। जीवनभर का जुनून। स्वदेशी तेजस विमान की कमान संभालते हुए एयर चीफ मार्शल एपी सिंह अपनी आखिरी लड़ाकू उड़ान के लिए आसमान में उड़ान भर रहे हैं। यह उनके शानदार करियर का एक अहम क्षण है, जो उड़ान के प्रति उनके गहरे जुनून और देश की सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से परिभाषित रहा है।”
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत