नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को मंगलवार शाम अपने आवास पर ‘जलपान’ (हाई टी) के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान “वोट चोरी” के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शन की रणनीति और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, जलपान के बाद विरोध-प्रदर्शन या संयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी हो सकता है, लेकिन इस योजना की जानकारी गुप्त रखी गई है।
गांधी के पांच, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब विपक्षी दलों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च निकाला। विपक्षी नेताओं ने इस मामले में उच्चतम न्यायालय में एक याचिका भी दायर की है।
इस बीच, राहुल गांधी द्वारा आयोजित ‘हाई टी’ को विपक्षी दलों के बीच समन्वय और एकजुटता को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पिछले कुछ समय से एसआईआर के मुद्दे पर सरकार तथा निर्वाचन आयोग को घेर रहे हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची की शुचिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।
भाषा हक प्रशांत
प्रशांत