Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

मेरठ में ट्रक की चपेट में आने से मां और आठ दिन के बच्चे की मौत

मेरठ (उप्र), 12 अक्टूबर (भाषा) मेरठ जिले में सोमवार को गैस सिलेंडर से भरे ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार महिला और उसके आठ दिन के बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति बाल-बाल बच गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, इंचौली थाना क्षेत्र के महल गांव निवासी संजय अपनी पत्नी प्रिया (27) और आठ दिन के बेटे को एक चिकित्सक के क्लीनिक से पीलिया की दवा दिलाकर लौट रहे थे। दौराला-मसूरी मार्ग पर काली माता मंदिर के सामने ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रक का पहिया प्रिया और उनके नवजात बेटे के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। संजय सड़क किनारे गिरने के कारण बच गए।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। मौके पर पहुंची इंचौली थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान ग्रामीणों ने विरोध करते हुए जाम लगा दिया। इस बीच मौके पर पहुंची एंबुलेंस के शीशे भी तोड़ दिए गए।

ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी देने की मांग की।

पूर्व विधायक संगीत सोम और समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। संगीत सोम ने शासन से आर्थिक मदद दिलाने और परिवार के एक सदस्य को निजी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। हालांकि, शवों को शवगृह ले जाने के दौरान परिजनों ने दोबारा हंगामा किया और कुछ महिलाएं व युवक पुलिस वाहन के आगे लेट गए।

इंचौली थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।

भाषा सं आनन्द सुरभि

सुरभि