Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

बंगला साहिब गुरुद्वारे में पुलिस के प्रवेश को लेकर गृह मंत्री शाह पर कार्रवाई करे अकाल तख्त: आप

अमृतसर, 12 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अकाल तख्त सचिवालय में एक ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के गुरुद्वारा बंगला साहिब में कथित प्रवेश को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

विधायकों ने इसे सिख धार्मिक संस्थानों की पवित्रता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए अकाल तख्त के जत्थेदार से शाह को तलब कर उनसे जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल ने 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' का जिक्र करते हुए कहा कि सिख संगत उस ‘‘काले अध्याय’’ को नहीं भूली है और शनिवार को प्रदर्शनकारियों का पीछा करते हुए पुलिस के गुरुद्वारे में प्रवेश की घटना को भी कभी नहीं भूलेगी।

विधायकों ने इस घटना पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की ‘‘चुप्पी’’ पर भी सवाल उठाया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आप विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि इस घटना से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

निज्जर ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब पारंपरिक रूप से शरणस्थली रहे हैं, जहां लोग आश्रय, शांति और ‘लंगर’ के लिए आते हैं।

उन्होंने कहा, “पुलिस से बचते हुए छात्र गुरुद्वारे के परिसर में घुस गए थे, लेकिन इससे पुलिसकर्मियों का बिना सिर ढके और जूते पहनकर उस पवित्र परिसर में घुसना सही नहीं ठहराया जा सकता। केंद्र को सिखों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और जत्थेदार को हमारे प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।”

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत