नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक नेता ने दिल्ली में विपक्षी पार्टी के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया।
ये महिलाएं इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को पार्टी से निष्कासित करने की मांग कर रही थीं।
रूप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के इस आचरण से महिलाओं के सम्मान को लेकर पार्टी के ‘‘दोहरे मापदंड’’ उजागर हो गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा प्रमुख के आरोप पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा महिला मोर्चा की नेता और कार्यकर्ता आज कांग्रेस कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रही थीं। सभी ने देखा कि कांग्रेस के मीडिया समन्वयक संजीव सिंह ने हमारी महिला कार्यकर्ताओं के साथ किस तरह अभद्र व्यवहार किया।’’
भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर प्रदर्शन किया। अकोइजाम को हाल में यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद से बर्खास्त किया गया था।
खबरों के अनुसार, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत