नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली में निर्वाचन अधिकारियों ने 33 लाख ऐसे मामलों में से 20 लाख का निपटारा कर दिया है, जिनमें मतदाताओं को तार्किक विसंगतियों या 2002 की मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण एसआईआर के तहत नोटिस जारी किए गए थे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने बयान में कहा कि किसी भी व्यक्ति को कोई शिकायत है तो वह 14,947 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ), 902 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 70 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 13 जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) या दिल्ली के सीईओ से संपर्क कर सकता है।
बयान में कहा गया, ‘‘हमने इन मामलों के समाधान के लिए सक्रिय अभियान शुरू किया था’’ और अब तक 33 लाख में से करीब 20 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
बयान के अनुसार, विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जहां बीएलओ मतदाताओं की सहायता कर सकते हैं। एसआईआर से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए ऐसे शिविर 18 और 25 अक्टूबर को भी लगाए जाएंगे।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत