बदायूं (उप्र), 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर कस्बे में सोमवार दोपहर एक बंदूक की दुकान में धमाके के बाद आग लगने से तीन कर्मचारी झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इस्लामनगर बाजार स्थित ‘शिवम गन हाउस’ में तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में दुकान में काम करने वाले अमित, शिवकुमार और राजेश झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। अमित की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि ‘गन हाउस’ संचालक और घायलों से जानकारी ली गई। पुलिस ने दुकान में रखे कारतूसों की संख्या और उनके भंडारण से जुड़े लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की भी जांच की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कारतूस फटने से धमाका होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस के अनुसार धमाके के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बारूद और जले हुए सामान के नमूने एकत्र किए हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि धमाके में उच्च या निम्न विस्फोटक पदार्थों की भूमिका थी या नहीं।
बिल्सी के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) गौरव आर्य ने राजस्व विभाग से घटना की रिपोर्ट मांगी है। धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किसकी लापरवाही है, यह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि