Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

जमीन विवाद में सेवानिवृत्त सूबेदार की पीट-पीटकर हत्या, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर, 12 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के खैरथल जिले के खरोला गांव में जमीन विवाद को लेकर भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त सूबेदार की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शेर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। उनके बेटे कृष्ण कुमार की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को सेटेलाइट अस्पताल के बाहर धरना दिया और हरसोली रोड पर करीब एक घंटे तक जाम लगाया।

खैरथल के थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि शिकायत के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे नरेश नाम का व्यक्ति शेर सिंह को खेत दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया। वहां पहले से मौजूद मोतीलाल, रमेश, कन्हैया, संजय और धर्मपाल ने कथित तौर पर शेर सिंह के साथ मारपीट की।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने मदद के लिए ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन तब तक उनके पिता की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

शेर सिंह करीब 12 वर्ष पहले सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत