Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

कर्नाटक: दक्षिण कन्नड़ में डिजिटल अरेस्ट कर किसान से 1.31 करोड़ रुपये की ठगी

मंगलुरु, 12 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में जालसाजों ने मुंबई पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के अधिकारी बनकर 62 वर्षीय एक किसान से कथित तौर पर 1.31 करोड़ रुपये की ठगी की। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पहलगाम आतंकवादी हमले के एक आरोपी को धन अंतरित करने का आरोप लगाते हुए किसान को डिजिटल अरेस्ट कर लिया था।

पुलिस के अनुसार, किसान को दो सितंबर से छह अक्टूबर 2026 तक कथित तौर पर डिजिटल अरेस्ट में रखा गया और इस दौरान ठगों ने व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के जरिये उसे धमकाया और विभिन्न बैंक खातों में रुपये अंतरित करने के लिए मजबूर किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पुत्तूर तालुका के निवासी किसान से कहा था कि उसके बैंक खातों का सत्यापन करने और उसके धन के वैध होने की पुष्टि के लिए रुपये अंतरित करना जरूरी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, किसान ने आरोपियों के दावों पर विश्वास करते हुए इस अवधि के दौरान उनके बताए बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिये कुल 1,31,50,000 रुपये अंतरित कर दिए।

पुलिस के मुताबिक, ठगी का एहसास होने पर उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि दक्षिण कन्नड़ साइबर अपराध थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप