बेंगलुरु, 12 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सोमवार को कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से शिकायत की कि शिक्षा विभाग के अधिकारी बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार पुट्टन्ना का समर्थन करने के लिए शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों पर दबाव डाल रहे हैं।
बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद की उन चार सीट में शामिल है, जिनके लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतगणना के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) इस सीट से चुनाव लड़ रही है। उसने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पुट्टन्ना के खिलाफ ए.पी. रंगनाथ को उम्मीदवार बनाया है।
राजग ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सार्वजनिक शिक्षा के उप निदेशकों (डीडीपीआई), पूर्व-विश्वविद्यालय शिक्षा के उप निदेशकों (डीडीपीयू) और खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) के कार्यालयों से जुड़े कर्मचारी, शिक्षा समन्वयक, खंड संसाधन व्यक्ति, संकुल संसाधन व्यक्ति और अन्य क्षेत्रीय स्तर के अधिकारी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में लोगों को लामबंद कर रहे हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिक्षकों, कर्मचारियों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रबंधन, विशेष रूप से निजी गैर-सहायता प्राप्त संस्थानों से जुड़े लोगों से संपर्क कर पुट्टन्ना का समर्थन करने के लिए दबाव डाला जा रहा है। इसमें कहा गया कि कुछ लोगों को आशंका है कि ऐसा न करने पर उन्हें प्रशासनिक रूप से प्रतिकूल परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
भाषा संतोष प्रशांत
प्रशांत