लखनऊ, 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमबाग इलाके में सोमवार को बुलडोजर और स्कूटर की टक्कर में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के बयान के अनुसार, यह हादसा आलमबाग थाना क्षेत्र के मवैया तिराहे पर हुआ, जहां टक्कर के बाद स्कूटर पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें एंबुलेंस से किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शफीकुल हसन (62) और उनकी रिश्तेदार वसीम जहां उर्फ रानी (52) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों लखनऊ के पुराना सरदारी खेड़ा के रहने वाले थे। हादसे के बाद बुलडोज़र चालक मौके से भाग गया।
बयान में कहा गया है कि पुलिस ने गाड़ी के पंजीकरण नंबर के जरिए वाहन मालिक से संपर्क किया और उसे मौके पर बुलाया। पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दी गई है और पुलिस कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है जबकि पुलिस फरार बुलडोजर चालक की तलाश कर रही है।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि सोमवार को बख्शी का तालाब (बीकेटी) इलाके में नंदन चौराहे के पास सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सुरेंद्र मिश्रा की पत्नी ममता मिश्रा के रूप में हुई है, जो माल इलाके के एक गांव की रहने वाली थीं।
पुलिस के बयान के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बयान में कहा गया है कि पुलिस हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है और परिवार से लिखित शिकायत मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा आनन्द सुरभि
सुरभि