Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

महाराष्ट्र: दो स्वयंभू बाबा ने महिला की बहन का कैंसर ठीक करने के बहाने 69 लाख रुपये की ठगी की

मुंबई, 12 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में 60 वर्षीय एक महिला की बहन के कैंसर को धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजा-अर्चना से ठीक करने का वादा कर 69.30 लाख रुपये की कथित ठगी करने को लेकर दो स्वयंभू बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस ने अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

चेम्बूर पुलिस ने आरोपियों की पहचान राजशेखर शास्त्री और गुरुजी आदित्यनाथ उर्फ ​​बाबू गुरुजी के तौर पर की है।

पुलिस के अनुसार, ‘‘उन्होंने जून 2025 और जून 2026 के बीच शिकायतकर्ता से 68 लाख रुपये नकद और 1.30 लाख रुपये की सोने की चेन ली थी। लेकिन पीड़ित महिला की 51 वर्षीय बहन की हालत बिगड़ती गई। महिला एक विज्ञापन देखकर उनके संपर्क में आई थी।’’

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पीड़िता से कहा कि उसकी बहन का घर काला जादू से प्रभावित है। उन्होंने काले धागे से सील किए गए स्टील के डिब्बे में रखे नींबू के साथ एक तरकीब कर उसे अपनी शक्तियों का यकीन दिलाया।

उन्होंने बताया, 'इसके बाद दोनों स्वयंभू बाबा ने 48 मंडल और ग्रहों की पूजा के लिए पैसे मांगे और दावा किया कि ये पूजा कामाख्या मंदिर (असम) और काशी विश्वनाथ मंदिर (उत्तर प्रदेश) में की जाएंगी। महिला ने किस्तों में पैसे दे दिए। हालांकि, उसकी बहन की हालत और बिगड़ गई। लेकिन आरोपियों ने आगे की पूजा-पाठ के लिए और पैसे मांगे, जिसके बाद उसने उन्हें सोने की चेन दे दी।’’

अधिकारी ने कहा, 'उन्होंने महिला को यह भी चेतावनी दी कि अगर उसने और पैसे देने से मना किया, तो पहले की गई पूजा-पाठ का असर खत्म हो जाएगा। आखिरकार शिकायतकर्ता महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है और वह तिलक नगर पुलिस थाने पहुंची।'

महाराष्ट्र में नरबलि और अन्य अमानवीय, बुरी और अघोरी प्रथाओं तथा काले जादू की रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप