Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

गुरुग्राम, फरीदाबाद में भारी बारिश से जलभराव; यात्रियों को हुई परेशानी

गुरुग्राम, 12 अक्टूबर (भाषा) गुरुग्राम और फरीदाबाद में सोमवार तड़के हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद औसत तापमान गिरकर करीब 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

गुरुग्राम में करीब 40 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, जबकि फरीदाबाद में 12 मिमी वर्षा दर्ज की गई। फरीदाबाद में जिला प्रशासन ने कुछ ही घंटों में सड़कों पर जमा पानी निकाल दिया लेकिन गुरुग्राम के कई चौराहों और रिहायशी इलाकों में दोपहर तक जलभराव की स्थिति बनी रही।

सोमवार को सप्ताह का पहला कार्यदिवस होने के कारण दफ्तरों, कॉलेजों और स्कूल जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। सड़कों पर जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही और एमजी मार्ग, इफको चौक, राजीव चौक तथा हीरो होंडा चौक समेत कई प्रमुख चौराहों पर जाम लग गया।

जलभराव के कारण कई कार और ऑटो-रिक्शा बीच सड़क पर बंद हो गए। उन्हें धक्का देकर सड़क किनारे करना पड़ा। महरौली मार्ग पर बस स्टैंड की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा जलभराव के कारण जाम हो गया जबकि दूसरा हिस्सा वाहनों की भारी आवाजाही की वजह से यातायात बाधित रहा।

खांडसा मार्ग, शिवाजी पार्क, ज्योति पार्क, शीतला कॉलोनी और शीतला माता मार्ग जैसे घनी आबादी वाले इलाकों की सड़कें भी पानी में डूब गईं।

भाषा प्रचेता आशीष

आशीष