नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर को गुलाबी ई-ऑटो उपलब्ध कराने वाली ‘दुर्गा’ योजना के लिए डिजिटल पोर्टल की सोमवार को यहां शुरुआत की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि (ड्राइविंग, अपलिफ्टमेंट एंड रोजगार फॉर वुमेन/ट्रांसजेंडर ई-ऑटो) ‘दुर्गा’ योजना के माध्यम से महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और चालक बनकर सम्मानजनक स्वरोजगार हासिल करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया, “योजना के पहले चरण में कुल 1,300 गुलाबी ई-ऑटो आवंटित किए जाएंगे। इनमें 1,170 ई-ऑटो महिलाओं और 130 ई-ऑटो ट्रांसजेंडर्स के लिए निर्धारित किए गए हैं।”
उनके मुताबिक, महिलाओं के लिए प्रति राजस्व जिले में अधिकतम 90 और ट्रांसजेंडर्स के लिए अधिकतम 10 ई-ऑटो का कोटा निर्धारित किया गया है।
बयान के मुताबिक, योजना का लाभ लेने के लिए महिला आवेदकों की आयु 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वे दिल्ली की निवासी हों। उनके पास वैध हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) का ड्राइविंग लाइसेंस और सार्वजनिक सेवा वाहन (पीएसवी) बैज होना आवश्यक है। परिवार की वार्षिक आय पांच लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इसमें कहा गया है कि जिन महिलाओं के तीन से ज्यादा बच्चे हैं, वे योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
गुप्ता ने कहा, “योजना को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से लागू करने के लिए समर्पित डिजिटल पोर्टल विकसित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया योजना की मंजूरी के बाद तीन महीने तक खुली रहेगी।”
उन्होंने कहा कि यदि पोर्टल बंद होने के बाद किसी जिले में अंतिम रूप से प्राप्त पात्र आवेदनों की संख्या निर्धारित कोटे से अधिक होती है तो ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा और इसके बाद पात्र लाभार्थियों को आशय पत्र जारी किए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि योजना के लाभार्थी दिल्ली की ईवी नीति-2026 के अंतर्गत निर्धारित खरीद प्रोत्साहनों का लाभ भी उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, उबर, ओला, भारत टैक्सी और रैपिडो जैसे एग्रीगेटर्स से दुर्गा ई-ऑटो चालकों को छह महीने तक निःशुल्क ‘ऑनबोर्डिंग’ और ‘सब्सक्रिप्शन’ उपलब्ध कराने के लिए कहा जाएगा।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश