त्रिशूर (केरलम), 12 अक्टूबर (भाषा) त्रिशूर में एक महिला की मौत की जांच के सिलसिले में सोमवार को उसकी नवजात बच्ची के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुहसीना और इब्राहिम की बच्ची का जन्म छह जनवरी को हुआ था तथा जन्म के चार दिन बाद, 10 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद उसे चावक्काड स्थित एडक्काझियूर जुमा मस्जिद के कब्रिस्तान में दफनाया गया था।
इस मामले की जांच इस साल मार्च में 37 वर्षीय मुहसीना की मौत के बाद शुरू हुई।
पुलिस ने मुहसीना को चिकित्सा सुविधा नहीं देने और उसे घर पर ही बच्ची को जन्म देने के लिए मजबूर करने के आरोप में एक्यूपंक्चर का अभ्यास करने वाले इब्राहिम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इब्राहिम ने कथित तौर पर खुद ही प्रसव कराया था।
मुहसीना आठ बार गर्भवती हुई, जिनमें से चार बच्चे ही बचे। मुहसीना के परिवार का आरोप है कि उसे गंभीर घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा और इब्राहिम ने उसका ज्यादातर प्रसव घर पर ही कराया था।
अधिकारियों ने बताया कि त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के एक फॉरेंसिक सर्जन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया। यह प्रक्रिया सुबह करीब साढ़े 10 बजे शुरू हुई।
पुलिस ने बताया कि प्रक्रिया के दौरान त्रिशूर के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे। उसने बताया कि अदालत के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।
अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद बच्ची के शव को उसी स्थान पर दोबारा दफना दिया गया।
जांच के तहत चावक्काड पुलिस ने बच्ची के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था। इसके बाद अदालत ने इसकी अनुमति दे दी।
भाषा शुभम आशीष
आशीष