मुंबई, 12 अक्टूबर (भाषा) रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट (आरईआईटी) नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दलीप सहगल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि सहगल की जगह सिद्धार्थ नवल एक जनवरी, 2027 से प्रबंध निदेशक और सीईओ का पद संभालेंगे।
कंपनी के निदेशक मंडल ने नवल को प्रबंध निदेशक और सीईओ-नामित नियुक्त किया है। वह फिलहाल ब्लैकस्टोन की भारत की रियल एस्टेट टीम में प्रबंध निदेशक हैं।
निदेशक मंडल ने 750 करोड़ रुपये तक के गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी कर धन जुटाने को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा, मौजूदा और भविष्य की देनदारियों के पुनर्वित्तपोषण के लिए भारतीय स्टेट बैंक से कुल 1,080 करोड़ रुपये का सावधि ऋण लेने की मंजूरी दी गई है।
निदेशक मंडल ने वाणिज्यिक पत्र जारी कर 220 करोड़ रुपये तक जुटाने को भी मंजूरी दी।
भाषा योगेश अजय
अजय