चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (भाषा) पंजाब में सोमवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में 2.01 करोड़ से अधिक मतदाता शामिल हैं जो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले दर्ज 2.14 करोड़ मतदाताओं की तुलना में 13.60 लाख कम है।
हालांकि, अंतिम मतदाता सूची में 13 अगस्त को जारी मसौदा सूची में दर्ज 1,93,94,435 (1.93 करोड़) मतदाताओं के मुकाबले 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
अंतिम मतदाता सूची में 1,03,76,026 (1.03 करोड़) पुरुष, 97,24,195 (97.24 लाख) महिलाएं और तीसरे लिंग के 506 मतदाता शामिल हैं।
एसआईआर से पहले के आंकड़ों की तुलना में मतदाताओं की संख्या में आई कमी का कारण मृत्यु, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चले जाना, मतदाताओं का अनुपस्थित होना या मतदाता सूची में नामों का दोहराव बताया गया है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, पंजाब में एसआईआर प्रक्रिया 25 जून से शुरू की गई थी। पंजाब को एसआईआर-2026 के तीसरे चरण में शामिल किया गया था।
पंजाब में नौ जून तक कुल 2,14,61,043 (2.14 करोड़) पंजीकृत मतदाता थे। इनमें 1,11,76,866 (1.11 करोड़) पुरुष, 1,02,83,478 (1.02 करोड़) महिलाएं और तीसरे लिंग के 699 मतदाता शामिल थे।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने कहा, “मसौदा मतदाता सूची में कुल 1,93,94,435 (1.93 करोड़) मतदाता थे, जिनकी संख्या अंतिम सूची में बढ़कर 2,01,00,727 (2.01 करोड़) हो गई। इस तरह मतदाताओं की संख्या में 3.64 प्रतिशत की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई।”
उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची में 7,97,263 (7.97 लाख) नए मतदाताओं को शामिल किया गया है।
भाषा प्रचेता आशीष
आशीष