अहमदाबाद, 12 अक्टूबर (भाषा) गांधीनगर नगर निकाय चुनाव के लिए लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने, पुलिस चौकी पर हंगामा करने और पुलिसकर्मियों के काम में कथित तौर पर बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी और तीन अन्य के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गांधीनगर के पुलिस उपाधीक्षक आर.आई. देसाई ने बताया यह प्राथमिकी गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) चुनाव संपन्न होने के बाद 11 अक्टूबर की रात गांधईनगर स्थित सेक्टर-7 थाने में दर्ज की गई। इसमें विपक्षी विधायक और अन्य पर गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने और दंगा करने का आरोप लगाया गया है।
देसाई ने संवाददाताओं से कहा, 'हमने रविवार को कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। सेक्टर-7 थाने में दर्ज दूसरी प्राथमिकी में मेवाणी और उनके समर्थकों पर पेथापुर की तरह ही पुलिस के काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने और समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।'
इस दूसरे मामले के शिकायतकर्ता सेक्टर-7 थाने से संबद्ध उप-निरीक्षक जे ए मकवाना हैं।
शिकायत में मेवाणी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं साकिर राठौड़ और नासिर उर्फ पिंटू मेमन तथा सात अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने सेक्टर-13 पुलिस चौकी में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और पूछताछ के लिए लाए गए एक व्यक्ति का बयान दर्ज करने से पुलिस को रोका।
यह मामला नीलेश पांचाल द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत से संबंधित है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि जीएमसी के वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस उम्मीदवार यूनुसभाई परमार के समर्थक मुनाफ पठान ने उन्हें नौ अक्टूबर को पेथापुर कस्बा इलाके में किसी अन्य उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार करने को लेकर धमकी दी थी।
पुलिस ने बताया कि बाद में पूछताछ के लिए पठान को सेक्टर-7 थाने के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-13 पुलिस चौकी लाया गया था।
भाषा प्रचेता आशीष
आशीष