Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

मस्क ने ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को दिया 27.6 करोड़ डॉलर का चंदाः रिपोर्ट

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 12 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की मदद के लिए जुलाई से अबतक 27.6 करोड़ डॉलर का चंदा दिया है। सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

समाचारपत्र ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क इस अंशदान के साथ ही रिपब्लिकन समूहों को सबसे अधिक चंदा देने वाले व्यक्ति बन गए हैं।

इस तरह, मस्क वर्ष 2025-26 के चुनाव चक्र में अबतक रिपब्लिकन पार्टी को कुल 36.6 करोड़ डॉलर दे चुके हैं। यह राशि 2024 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान के लिए दिए गए 29 करोड़ डॉलर के चंदे से अधिक है।

प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क ने ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सीनेट नेतृत्व को समर्थन देने वाले संगठन ‘सीनेट लीडरशिप फंड’ को 15.8 करोड़ डॉलर दिए। यह अमेरिकी इतिहास में राजनीतिक चंदे के रूप में दी गई सबसे बड़ी राशि थी। यह राशि डेमोक्रेटिक पार्टी को गर्मियों के समय उसके सभी दानदाताओं से मिले कुल चंदे से भी अधिक थी।

इसके अलावा, मस्क ने ‘अमेरिका पीएसी’ को भी 7.6 करोड़ डॉलर दिए। यह संगठन तीन दर्जन से अधिक सीटों पर रिपब्लिकन पार्टी के सीनेट उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहा है।

मस्क ने प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करने वाले ‘कांग्रेसनल लीडरशिप फंड’ को दो करोड़ डॉलर, टेक्सास में सीनेट के रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन के समर्थन वाले ‘लोन स्टार लिबर्टी पीएसी’ को एक करोड़ डॉलर, ‘रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन’ को एक करोड़ डॉलर और ‘रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल्स एसोसिएशन’ को 20 लाख डॉलर दिए।

‘अमेरिका पीएसी’ के प्रवक्ता एंड्रयू रोमियो ने समाचारपत्र से कहा, ‘‘इस बड़े सहयोग से रिपब्लिकन पार्टी को अपना संदेश मतदाताओं तक पहुंचाने और चुनाव में मुकाबला करने का अवसर मिला है।’’

खुद मस्क ने ही 2024 में ट्रंप के समर्थन में ‘अमेरिका पीएसी’ की स्थापना की थी।

मस्क स्पेसएक्स और सोशल मीडिया मंच एक्स समेत कई कंपनियों के प्रमुख हैं। उनकी कंपनियों को सरकारी ठेके भी मिले हैं और व्हाइट हाउस में उनका खासा प्रभाव माना जाता है।

जनवरी, 2025 में ट्रंप ने सरकारी खर्च घटाने के उद्देश्य से मस्क को सरकारी दक्षता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, कुछ महीने बाद दोनों विवाद होने के कारण अलग हो गए थे। लेकिन मस्क एक बार फिर ट्रंप के खेमे में लौट आए हैं।

हाल में ट्रंप ने स्पेसएक्स प्रमुख मस्क और पांच अन्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र के नेताओं को सम्मानित करते हुए उन्हें ‘नेशनल मेडल ऑफ साइंस’ प्रदान किया। इस समारोह में ट्रंप ने मस्क को ‘आधुनिक दौर का एडिसन’ भी बताया।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय