Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उच्चतम न्यायालय तक मार्च को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च करने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी भारतीय संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।

दुबे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के पद से हटाने का एकमात्र तरीका संसद में इसके लिए प्रस्ताव लाना है, न कि उच्चतम न्यायालय में विरोध-प्रदर्शन करना।

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि अगर उन्हें लगता है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद तैयार की गई मतदाता सूची में गड़बड़ियां हैं, तो वह केरलम, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और झारखंड में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकारों के मुख्यमंत्रियों से इस्तीफा देने के लिए कहें।

दुबे ने कहा, ‘‘क्या आपने कभी सुना है कि 1947 से लेकर अब तक लोग विरोध-प्रदर्शन या आंदोलन करने के लिए उच्चतम न्यायालय गए हों? जिस तरह (पूर्व प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाने के लिए संविधान को दरकिनार कर दिया था, ठीक वैसा ही अब उनके पोते करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘क्या आपने कभी किसी को इस तरह उच्चतम न्यायालय जाते देखा है? वह सनकी हैं। असल में, विपक्ष का नेतृत्व खत्म हो चुका है। अभिजीत दीपके (कॉजपा) और शरजील इमाम (जेल में बंद कार्यकर्ता) जैसे लोग उनके नेता बन गए हैं। राहुल गांधी असल में शरजील इमाम और अभिजीत दीपके जैसे लोगों से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।’’

भाषा सुभाष आशीष

आशीष