Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

सीएसके छोड़ इंग्लैंड की टेस्ट टीम से जुड़े सिमंस और फोस्टर

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस और क्षेत्ररक्षण कोच जेम्स फोस्टर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ने के बाद अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल होंगे।

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की।

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को इंग्लैंड की टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किए जाने के बाद यह बदलाव हुआ है। सिमंस को टेस्ट टीम का गेंदबाजी कोच बनाया गया है, जबकि इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर फोस्टर फ्लेमिंग के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा होंगे।

फ्लेमिंग ने जुलाई में सीएसके के मुख्य कोच का पद छोड़ दिया था। इसके साथ ही आईपीएल की पांच बार की चैंपियन टीम के साथ उनका 18 साल का जुड़ाव समाप्त हो गया। वह 2008 में इस फ्रेंचाइजी के साथ खिलाड़ी के तौर पर जुड़े थे और फिर 2009 में मुख्य कोच बने। अब वह इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि ब्रेंडन मैकुलम सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे।

सिमंस और फोस्टर सीएसके में फ्लेमिंग के साथ काम कर चुके हैं। अब दोनों इंग्लैंड की टीम में उनके साथ फिर जुड़ेंगे। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सिमंस को कोचिंग का लंबा अनुभव है। वह 2002 से 2004 तक दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच रहे और भारतीय पुरुष टीम के गेंदबाजी सलाहकार के तौर पर भी काम कर चुके हैं। 64 वर्षीय सिमंस 2018 से सीएसके के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे।

इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर फोस्टर भी अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग का अनुभव रखते हैं। वह 2018 से 2022 तक इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के सलाहकार कोच रहे। इसके अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड की पुरुष टीम और विभिन्न फ्रेंचाइजी लीग में भी काम किया है।

इंग्लैंड के टेस्ट कोचिंग स्टाफ में मार्कस ट्रेस्कोथिक और रिचर्ड डॉसन भी शामिल होंगे। डॉसन को राष्ट्रीय टीम में स्पिन गेंदबाजी के लिए कोचिंग की जिम्मेदारी दी गई है। फ्लेमिंग के कार्यकाल की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के आगामी टेस्ट दौरे से होगी।

सीएसके ने अगले आईपीएल सत्र से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करते हुए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को मुख्य कोच नियुक्त किया है जबकि मोहित शर्मा गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर