Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी : मदन राठौड़

जयपुर, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने और देश में अशांति फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।

राठौड़ ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी कभी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तो कभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को मुद्दा बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर अपेक्षित राजनीतिक समर्थन नहीं मिलने पर राहुल गांधी निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को निशाना बनाने लगते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठाकर जनता के मन में अविश्वास पैदा करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई नेता भी तथ्यों के बजाय बयानबाजी के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का दायित्व केवल सरकार पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर जनहित के मुद्दे उठाना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना भी है।

उन्होंने कहा कि जनता राहुल गांधी से जिम्मेदार और संतुलित आचरण की अपेक्षा करती है।

महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की कथित दोहरी नीति की आलोचना करते हुए राठौड़ ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी महिलाओं के सम्मान के मामले में दोहरा रवैया अपना रहे हैं।

राठौड़ ने कहा, ‘‘भाजपा शासित राज्यों में अपराध हो जाए तो विरोध किया जाता है, लेकिन स्वयं कांग्रेस का सांसद बच्चियों की अस्मिता से खिलवाड़ करे, तो ऐसे सांसद को संरक्षण दिया जा रहा है। यह कांग्रेस की कैसी नीति है?’’

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन महिला सम्मान, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

राठौड़ ने कहा कि देश की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से ऊपर उठकर जिम्मेदार, तथ्यपरक और जनहितकारी राजनीति की अपेक्षा करती है।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत