दुबई, 12 अक्टूबर (भाषा) सऊदी अरब के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में मारे गए भारतीय नागरिक के परिवार ने रियाद में ही उनका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। भारतीय दूतावास ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मोहम्मद यूसुफ अली शनिवार को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में मारे गए थे।
इस हमले में 10 भारतीय नागरिकों सहित 300 लोग घायल हुए थे।
सऊदी अरब ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले मोहम्मद यूसुफ अली के परिवार ने रियाद में ही उनका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है।’’
भारतीय मिशन ने कहा कि वह शोक संतप्त परिवार को अंतिम संस्कार से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करने सहित ‘‘हरसंभव सहायता’’ प्रदान कर रहा है।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने अस्पतालों में जाकर वहां इलाज करा रहे घायल भारतीय नागरिकों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
दूतावास ने कहा, ‘‘तीन लोग अब भी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं और दो अन्य को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। दो लोग सामान्य वार्ड में हैं, जबकि बाकी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।’’
भारतीय मिशन ने कहा कि वह सभी घायल लोगों के परिजनों के लगातार संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
इस हमले में सऊदी अरब के चार, बांग्लादेश के दो, फलस्तीन, अमेरिकी, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक की भी मौत हुई थी।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप