Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

आठ साल बाद बरेली में हवाई करतब दिखाएगी वायु सेना की हेलीकॉप्टर टीम ‘सारंग’

बरेली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ‘सारंग’ आठ साल बाद बरेली में 13 से 17 अक्टूबर तक हवाई करतब दिखाएगी। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, इन प्रदर्शनों के जरिए स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी टीम के शानदार हवाई करतब देखने का अवसर मिलेगा।

‘सारंग’ दुनिया की चुनिंदा सैन्य हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीमों में से एक है। यह टीम भारत में निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ से उड़ान भरती है। इसके सदस्य हवा में बेहद कम दूरी पर उड़ान भरते हुए कई कठिन करतब दिखाते हैं। इन करतबों के लिए पायलटों के उच्च कौशल, अनुशासन और आपसी भरोसे की जरूरत होती है। टीम का प्रदर्शन भारतीय पायलटों की क्षमता और देश की बढ़ती विमान निर्माण क्षमता को दर्शाता है।

‘सारंग’ की स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी। तब से यह टीम भारत और विदेशों में आयोजित कई प्रमुख एयर शो में भारतीय वायु सेना का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। टीम का नाम संस्कृत के शब्द ‘सारंग’ से लिया गया है, जिसका अर्थ मोर होता है। अपने रंगीन हेलीकॉप्टरों और शानदार उड़ान प्रदर्शन के कारण सारंग भारतीय गौरव और साहस का प्रतीक बन गई है।

बयान के अनुसार, बरेली में होने वाला यह प्रदर्शन लोगों को सैन्य विमानन को करीब से समझने का अवसर देगा। यह कार्यक्रम विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक होगा। हेलीकॉप्टरों के करतब देखकर उनमें विमानन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ सकती है। इससे वे सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित हो सकते हैं।

बयान में कहा गया कि यह प्रदर्शन टीमवर्क, अनुशासन, सटीकता और निरंतर अभ्यास के महत्व को भी रेखांकित करेगा।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत