नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को मार्च 2027 के अंत तक अपने बेड़े में ए321 एक्सएलआर विमानों की संख्या बढ़कर नौ से 10 होने की उम्मीद है। इन विमानों का इस्तेमाल मध्यम दूरी के मार्गों पर किया जाएगा।
इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने सोमवार को गुरुग्राम में विमान इंजन विनिर्माता जीई एयरोस्पेस के एक सम्मेलन में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय विमानन बाजार के परिपक्व होने के साथ प्रीमियम सेवाओं की मांग बढ़ रही है। इसका असर कंपनी के बेड़े, नेटवर्क और सेवाओं में दिख रहा है। कंपनी घरेलू उड़ानों के साथ कम दूरी के अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी बिजनेस क्लास सीटों की हिस्सेदारी बढ़ा रही है।
सिंह ने कहा कि मध्यम दूरी के मार्गों पर सेवाएं शुरू करने में ए321 एक्सएलआर विमान अहम भूमिका निभाएंगे। इंडिगो के बेड़े में अभी ऐसे चार विमान हैं और वित्त वर्ष के अंत तक इनकी संख्या नौ से 10 हो जाने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इंडिगो का अनुभव रहा है कि जिन गंतव्यों के लिए पहले सीधी उड़ानें उपलब्ध नहीं थीं, वहां पर्याप्त संख्या में नॉन-स्टॉप सेवाएं शुरू करने से बाजार में मांग बढ़ती है। ए321 एक्सएलआर विमानों से मध्यम दूरी के नए मार्गों पर सेवाएं शुरू करने का अवसर मिलेगा।
आम तौर पर तीन घंटे तक की उड़ानों को कम दूरी और तीन से आठ घंटे की उड़ानों को मध्यम दूरी की उड़ान माना जाता है।
भारत में विमानन क्षेत्र की वृद्धि पर सिंह ने कहा कि दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों से इसे प्रोत्साहन मिल रहा है।
उन्होंने कहा, 'भारतीय विमानन बाजार में वृद्धि का सिलसिला कुछ समय तक जारी रहने की उम्मीद है। दुनिया में ऐसे बहुत कम बाजार हैं जो बड़े भी हैं और बढ़ भी रहे हैं।'
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 34 करोड़ रहने का अनुमान है। वर्ष 2040 तक इसके बढ़कर 110 करोड़ होने की उम्मीद है।
भाषा प्रेम प्रेम योगेश
योगेश