चेन्नई, 12 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कृष्णा नदी का पानी साझा करने के मुद्दे पर बातचीत करने के लिए मंगलवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दोनों राज्यों के बीच बातचीत मुख्य रूप से अंतर-राज्यीय जल प्रबंधन पर केंद्रित होगी। इसमें खास तौर पर तेलुगु गंगा परियोजना के तहत चेन्नई के लिए कृष्णा नदी का पानी जल्द छोड़े जाने और विवादास्पद गोदावरी-कृष्णा-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना पर चर्चा शामिल है।
विजय के अपराह्न 3:30 बजे गन्नवरम हवाई अड्डे पर पहुंचने और शाम 4:15 बजे मुख्यमंत्री नायडू के साथ आधिकारिक बातचीत करने की उम्मीद है।
इसके अलावा, उनके आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से मिलने, विजयवाड़ा उत्सव 2.0 सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने और शाम को ऐतिहासिक कनक दुर्गा मंदिर जाने की भी उम्मीद है।
वह मंगलवार रात चेन्नई लौट आएंगे।
इस बीच, पर्यावरण एवं सामाजिक मुद्दों पर काम करने वाले गैर-सरकारी संगठन ‘पूवुलागिन ननबर्गल’ के जलवायु कार्यकर्ता जी. सुंदरराजन ने मुख्यमंत्री विजय से आग्रह किया है कि वह आंध्र प्रदेश के अपने समकक्ष से कांडलेरू जलाशय से तत्काल पानी छोड़ने के लिए कदम उठाने का अनुरोध करें। उन्होंने श्रीशैलम से भी तेलुगु गंगा परियोजना के लिए पानी आवंटित करने की मांग की।
सुंदरराजन ने एक बयान में कहा कि पड़ोसी राज्य के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विजय को चेन्नई की मौजूदा पेयजल जरूरतों, पूंडी सहित विभिन्न झीलों में जलस्तर और इस वर्ष कृष्णा नदी से मिले पानी की मात्रा से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन तथ्यों के आधार पर मुख्यमंत्री विजय को कांडलेरू से तत्काल पानी छोड़ने का अनुरोध करना चाहिए, ताकि चेन्नई की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप