Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

जनगणना 2027 का काम सटीकता के साथ समय पर पूरा हो: असम के मंत्री

गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (भाषा) असम के मंत्री केशव महंत ने सोमवार को जनगणना प्रक्रिया को सटीकता के उच्चतम मानकों के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।

‘जनगणना 2027’ के दूसरे चरण पर प्रधान जनगणना अधिकारियों (पीसीओ) के राज्यस्तरीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए महंत ने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया अब कागजी कामकाज से आगे बढ़कर अधिक समयबद्ध और तकनीक आधारित प्रणाली बन गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग के मंत्री ने जिला आयुक्तों और पीसीओ से क्षेत्र का दौरा करने, संभावित समस्याओं वाले इलाकों की पहचान करने और अगले चरण की शुरुआत से पहले सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों और गांवों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि वहां की स्थानीय परिस्थितियों और बस्तियों से जुड़े उभरते मुद्दों पर प्रशासन को सावधानीपूर्वक विचार करना होगा।

महंत ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की सरकारी नीतियों और विकास कार्यों के लिए एक अहम आधार का काम करेंगे।

दिनभर चले इस सम्मेलन में जनगणना की तैयारियों, जिला प्रशासन के बीच समन्वय, कार्य संचालन की तैयारी, कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने और पूरे राज्य में जनसंख्या की सटीक व व्यापक गणना सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल की समीक्षा की गई।

जनगणना 2027 के पहले चरण में स्व-गणना, मकानों की सूची तैयार करने और आवास गणना का काम शामिल था। यह चरण एक अप्रैल से 30 सितंबर तक चला। वहीं, दूसरे चरण एक मार्च 2027 से शुरू होगी जिसमें जनसंख्या की गणना की जाएगी।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश