गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार को कामरूप जिले में 10 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि अमीनगांव में एक वाहन से 40,000 याबा टैबलेट जब्त की गईं।
उन्होंने कहा, 'असम एसटीएफ ने एक बेहतरीन अभियान में अमीनगांव से गुजर रहे एक वाहन को रोका, जिसमें 10 करोड़ रुपये मूल्य की 40,000 याबा टैबलेट थीं। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।'
उन्होंने कहा, 'हम मादक पदार्थ के जरिये अपनी युवा पीढ़ी की जिंदगी बर्बाद नहीं करने देंगे और देशव्यापी 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत इस बुराई को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। असम पुलिस ऐसी सभी कोशिशों को नाकाम करने और हमारे युवाओं के भविष्य की रक्षा करने के लिए सतर्क है।'
थाई भाषा में 'याबा' का मतलब 'उन्माद पैदा करने वाली दवा' है। यह देश में गैर-कानूनी है, क्योंकि इसमें मेथामफेटामाइन और कैफीन होता है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश