नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कई तस्करों के साथ मिलीभगत करके बड़े पैमाने पर तस्करी कराने के आरोपी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक पूर्व सहायक कमांडेंट से जुड़े ठिकानों पर सोमवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के तत्कालीन सहायक कमांडेंट अमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि मार्च 2023 से जनवरी 2026 तक बिहार के सीतामढ़ी में 20वीं बटालियन में तैनाती के दौरान वह भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों में शामिल थे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि अधिकारी ने रक्सौल और आसपास के अन्य इलाकों के कुख्यात तस्करों के साथ साठगांठ करके भंगहा सीमा चौकी के रास्ते बड़े पैमाने पर तस्करी कराई।
प्राथमिकी में यह आरोप भी लगाया गया है कि अधिकारी ने इसके बदले तस्करों से अनुचित लाभ हासिल किया।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है, “अमित और उनके परिवार के सदस्यों के कई बैंक खातों से कई संदिग्ध लेनदेन हुए हैं।”
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने अधिकारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश