Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर रोक भाजपा सरकार की सबसे बड़ी हार : अखिलेश यादव

लखनऊ, 12 अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाना सरकार की सबसे बड़ी हार है।

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जंतर-मंतर को शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित करना भाजपा सरकार की सबसे बड़ी हार है।’’

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘शुक्र तो ये मनाइए कि प्रदर्शन करने के लिए किसी भूमिगत जगह पर जाने को नहीं कहा गया, जहां भाजपा और उसके भूमिगत संगी-साथी अपनी खुफिया बैठक करते हैं।’’

अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा बेहद डरी-सहमी हुई है और जन आक्रोश से बचने के लिए जनता को उन जगहों से दूर करना चाहती है, जहां सत्ताधारी बैठते हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अच्छा तो यह होता कि लोकतंत्र में लोक के कल्याण के लिए प्रदर्शन हेतु ‘लोक कल्याण मार्ग’ पर ही कोई जगह दे दी जाए। इससे नामकरण को सही साबित करने का तर्क भी मिल जाएगा। सर्वोच्च सत्ता तक जब बात सीधे पहुंचेगी, तो समाधान भी तुरंत निकलेगा।’’

सपा प्रमुख की यह प्रतिक्रिया दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शनों और रैलियों के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटाने के बाद आई है।

पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को जारी आदेश में प्रदर्शन के लिए तीन वैकल्पिक स्थलों- रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान- को निर्धारित किया है।

भाषा

आनन्द रवि कांत