तिरुवनंतपुरम, 12 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को कहा कि भारतीय लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर के चोट के इलाज के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय खेल मंत्रालय पूरा सहयोग दे रहे हैं।
एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के दौरान श्रीशंकर चोटिल हो गये थे। उनकी सर्जरी लंदन में होगी।
गोपी ने फेसबुक पर कहा कि केंद्र सरकार ने श्रीशंकर की सर्जरी का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। इसके साथ ही उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा और चोट से उबरने के दौरान भी मदद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि वह जल्द स्वस्थ होकर दोबारा प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकें और ओलंपिक की तैयारी कर सकें।
गोपी के मुताबिक श्रीशंकर की सर्जरी 13 अक्टूबर को लंदन के फोर्टियस क्लिनिक में होगी। खेलों से जुड़ी हड्डियों और जोड़ों की सर्जरी के विशेषज्ञ पीटर डी’हूघ की निगरानी में होने वाली लिगामेंट की सर्जरी की जायेगी।
केंद्रीय मंत्री ने उपचार के लिए जरूरी धनराशि और सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार जताया।
गोपी ने श्रीशंकर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा, ‘‘हमारा गौरव मुरली श्रीशंकर इस सर्जरी के बाद नयी ताकत के साथ ओलंपिक की चुनौती के लिए मैदान पर लौटे।”
श्रीशंकर ने पिछले सप्ताह पत्रकारों से कहा था कि एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के बाद केरल के किसी भी मंत्री ने उनसे संपर्क नहीं किया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर भी निराशा जताई थी।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर