नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रणहौला इलाके में एक व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर उससे 50 लाख रुपये मांगने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान राम सिंह उर्फ भूरा (38), शिव प्रताप सिंह उर्फ शिव (43) और योगिंदर उर्फ पप्पू (56) के रूप में हुई है।
उन्होंने ने बताया कि गत 30 सितंबर को रणहौला थाने को चंचल पार्क के एक होटल में 25-वर्षीय एक महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने के संबंध में सूचना मिली। महिला ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति उसे ब्लैकमेल करके और उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर एक कमरे में ले गया था।
उसने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने उसे शराब पीने के लिए मजबूर किया एवं उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, हालांकि पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह बेरोजगार है और नौकरी के लिए ऐप और परिचितों के जरिए राम सिंह और उसके साथियों के संपर्क में आई थी।
महिला ने दावा किया कि आरोपियों ने उसे रमेश चंद्र नामक व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने के लिए मजबूर किया। उसने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने उसकी मुलाकात रमेश चंद्र से करवाईं और उसे रमेश के साथ शारीरिक संबंध बनाने को कहा। आरोपियों ने ऐसा नहीं करने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी भी दी।
डीसीपी के मुताबिक, 30 सितंबर को महिला नांगलोई चौक पर रमेश चंद्र से मिली और उनके साथ एक कमरे में गई, जहां वहां दोनों ने शराब पी और आपसी सहमति से शारीरिक संबंध बनाए।
डीसीपी ने कहा कि इसके बाद राम सिंह और उसके साथी वहां पहुंचे तथा महिला पर पुलिस में झूठी शिकायत करने का दबाव बनाया, जिसके बाद महिला ने पुलिस को फोन कर दिया। डीसीपी के अनुसार, इस दौरान मामला सुलझाने के नाम पर रमेश चंद्र से 50 लाख रुपये मांगे गए और रकम न देने पर कार्रवाई की धमकी दी गई।
उन्होंने कहा कि जांच से पता चला कि कथित साजिश तीन भाइयों- महेंद्र, राकेश और नवीन की संपत्तियों के प्रबंधन से जुड़े पारिवारिक विवाद से उपजी थी।
पुलिस ने बताया कि रमेश चंद्र, महेंद्र के ससुर हैं और उनकी संपत्तियों का प्रबंधन कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि योगिंदर ने उनसे संपत्तियों का प्रबंधन नहीं करने के लिए कहा था और इनकार करने पर उन्हें झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी थी।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश