Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

दुर्गा पूजा आयोजक धार्मिक परंपराएं, आध्यात्मिकता बनाए रखें : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 12 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को दुर्गा पूजा आयोजकों से अपील की कि वे त्योहार के दौरान पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों और आध्यात्मिकता को बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने आयोजकों से अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बचने और उत्सव के दौरान पड़ोसियों के बीच आपसी भाईचारे की भावना को बनाए रखने का आग्रह किया।

उत्तरी कोलकाता में ताला प्रोत्तॉय दुर्गा पूजा का उद्घाटन करते हुए, अधिकारी ने आध्यात्मिकता पर फिर से जोर देने का आह्वान किया और कहा कि देवी की पूजा सनातनी परंपराओं के अनुसार की जानी चाहिए।

उन्होंने दुर्गास्तुति और श्लोक भी सुनाए।

मुख्यमंत्री ने पूजा आयोजकों के बीच “अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा” के प्रति आगाह किया और कहा कि राज्य सरकार, कोलकाता नगर निगम और पुलिस जैसी एजेंसियों के साथ मिलकर, पूरे राज्य में उत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक रितेश तिवारी की मौजूदगी में “ताला प्रोत्तॉय' के आयोजकों से कहा, “मैं इस पूजा में घर जैसा, पड़ोस वाला माहौल बनाने के लिए आयोजकों की तारीफ करता हूं।”

लगभग दो किलोमीटर दूर ‘चोरबगान सर्वजनीन’ के उद्घाटन समारोह में, अधिकारी ने एक बार फिर ‘शास्त्रीय परंपरा’ (धर्मग्रंथों पर आधारित परंपराओं) का पालन करने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में बेलडांगा स्थित भारत सेवाश्रम संघ से जुड़े साधु कार्तिक महाराज भी शामिल हुए।

अधिकारी ने कहा, “इस पूजा में आध्यात्मिकता और परंपरा हमारा मार्गदर्शन करे।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि दुर्गा पूजा इन्हीं परंपराओं के अनुसार मनाई जाए।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश