नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर के बेटे ने सोमवार को मांग की कि उसके पिता की हत्या के मामले की जांच ठाणे पुलिस से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को हस्तांतरित कर दी जाए।
शिवसेना (उबाठा) के दिवंगत नेता पूर्णेकर के पुत्र राम पूर्णेकर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस हत्याकांड की जांच स्थानीय राजनीतिक दबाव से मुक्त होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनके परिजन और दिवंगत नेता के समर्थक इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए प्रशासन पर दबाव बनाने के वास्ते उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
सीबीआई जांच की मांग करते हुए राम पूर्णेकर ने कहा कि पुलिस को ठाणे की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे को उनके पिता की हत्या का ‘साजिशकर्ता’ नामजद करना चाहिए। हालांकि शिंदे दंपति ने इस मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।
इस मामले से संबंधित राजनीतिक माहौल की ओर इशारा करते हुए राम पूर्णेकर ने कहा कि पुलिस भारी दबाव में है।
उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात की, लेकिन शिवसेना का कोई भी नेता उनसे मिलने नहीं आया।
इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी संतोष कनौजिया और पप्या शिंदे शामिल हैं।
भाषा सुरेश नरेश
नरेश