देहरादून, 12 अक्टूबर (भाषा) निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने सोमवार को धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।
हरिद्वार में गंगा तट पर स्थित मेला नियंत्रण भवन में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
धन्यवाद प्रस्ताव में मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल को सेवा, सुशासन, संकल्प, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक बताया। इसमें मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी पहलों की सराहना की गई और प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन वर्षों में सरकार के प्रमुख के रूप में देशहित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा राष्ट्रनीति को सदैव राजनीति से ऊपर रखा। इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री का अनुशासन, अथक परिश्रम, कार्य के प्रति समर्पण और बिना रुके, बिना थके राष्ट्रसेवा करने की प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणादायी है।
मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जनकल्याण, बुनियादी ढांचे, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और रक्षा क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण कार्यों की सराहना की। प्रस्ताव में कहा गया कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को शासन का आधार बनाया गया है।
प्रस्ताव में अनुच्छेद-370 के प्रावधानों को निरस्त करने, पूर्व सैनिकों के लिए ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना लागू करने और रक्षा प्रमुख का पद सृजित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का भी उल्लेख किया गया।
मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष आत्मीयता और आध्यात्मिक लगाव का उल्लेख करते हुए उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रस्ताव में राज्य में आई विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए सहयोग और मार्गदर्शन का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। इसमें कहा गया कि प्रदेश में जब भी कोई बड़ी आपदा आई, प्रधानमंत्री ने स्वयं संपर्क कर परिस्थितियों की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया।
धामी ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उत्तराखंड में दो लाख 25 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं। विदेश दौरों के दौरान प्रदेश के उत्पाद विदेशी मेहमानों को उपहार में देकर भी उन्होंने राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
भाषा
दीप्ति रवि कांत