काठमांडू, 12 अक्टूबर (भाषा) नेपाल के एकमात्र अरबपति बिनोद चौधरी देश की मुख्य विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन में उपाध्यक्ष चुने गए हैं। उनके साथ चंद्र भंडारी और मधु आचार्य भी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
उपाध्यक्ष के तीनों पदों के लिए नौ अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसके नतीजे सोमवार को घोषित किए गए।
प्रमुख उद्योगपति और चौधरी ग्रुप के अध्यक्ष बिनोद चौधरी नेपाल की सबसे प्रभावशाली कारोबारी हस्तियों में से एक हैं।
नेपाल की राजनीति में नेपाली कांग्रेस की अहम भूमिका रही है। वर्ष 1990 में बहुदलीय लोकतंत्र की बहाली के बाद से पार्टी कई बार सरकार का नेतृत्व कर चुकी है।
पार्टी का 15वां महाधिवेशन चार अक्टूबर को शुरू हुआ था। इसका मुख्य उद्देश्य 232 सदस्यीय केंद्रीय कार्यसमिति का चुनाव करना है। इसमें 171 निर्वाचित सदस्य और पार्टी अध्यक्ष द्वारा मनोनीत किए जाने वाले 61 सदस्य शामिल हैं।
पार्टी के पदाधिकारियों में से एक अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तीन उपाध्यक्ष, तीन महासचिव और 13 संयुक्त महासचिव शामिल हैं।
इससे पहले, 10 अक्टूबर को गगन थापा 93.88 प्रतिशत मत हासिल कर पार्टी अध्यक्ष चुने गए थे। वहीं, विश्व प्रकाश शर्मा निर्विरोध वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए जबकि पुष्पा भुसाल महिला कोटे से उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश